Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में फसल बीमा वितरण में कथित गड़बड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती को लेकर सोमवार को पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। साथ ही अधीक्षण यंत्री को भी अलग से पत्र देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय हो रही बिजली कटौती तत्काल बंद करने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसानों के साथ फसल बीमा वितरण में गंभीर असमानता हुई है। कांग्रेस के अनुसार, खुजनेर ब्लॉक के केवल 282 किसानों को 4.75 लाख तथा राजगढ़ ब्लॉक के मात्र 206 किसानों को 3.81 लाख की बीमा राशि स्वीकृत की गई है, जबकि पूर्व में राजस्व विभाग के सर्वे में क्षेत्र की फसलों को 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान दर्ज किया गया था।
कांग्रेस का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र के किसानों ने करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का बीमा प्रीमियम जमा किया है, इसलिए सर्वे के आधार पर पात्र सभी किसानों को बीमा का लाभ मिलना चाहिए। पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर ने कहा कि जिन किसानों की फसल क्षति 50 प्रतिशत से अधिक दर्ज है और जिन्होंने प्रीमियम जमा किया है, उन्हें पात्रता सूची में शामिल कर उचित बीमा राशि प्रदान की जाए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर त्रुटियों को तत्काल सुधारने की मांग की। इसके अलावा कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोड शेडिंग के नाम पर हो रही अघोषित बिजली कटौती पर भी आपत्ति जताई।
ज्ञापन में कहा गया कि बरसात के मौसम में मच्छरों और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ जाता है। रात में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। कांग्रेस ने मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय की अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कर आमजन को राहत दी जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक