Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 27 जुलाई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सोमवार को सीमा चौकी शैलेशपुर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत जीवंत गाँव बरंतपुर में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करना था।
कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में वाहिनी के पशु चिकित्सक डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने कुल 263 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के उपरांत आवश्यकतानुसार पशुओं को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर के दौरान पशुपालकों को पशुओं के उचित रखरखाव, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण तथा विभिन्न संक्रामक रोगों की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की भी सलाह दी।
ग्रामीणों ने सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह के निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए 45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से पशुपालकों को काफी लाभ मिला है और पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि 45वीं वाहिनी भविष्य में भी नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास तथा जनकल्याण के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र