Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र के उर्दू बाजार में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 12वीं (इंटर) की एक छात्रा ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को इलाज के दौरान जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में उसकी मौत हो गई।
मृतका कटहारा कुमारपुर (बाथ थाना क्षेत्र) निवासी सुनील कुमार की 16 वर्षीय पुत्री है। वह पिछले कुछ महीनों से भागलपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि छात्रा ने कथित तौर पर कठोर कदम उठाने से पहले वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया था।
वीडियो के माध्यम से ही परिजन को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे तुरंत भागलपुर पहुंचे। वीडियो में छात्रा ने मकान मालिक के परिवार के सदस्यों पर पिछले कुछ दिनों से मानसिक प्रताड़ना और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो, परिजन के दावों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के परिणामों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर