Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नारनाैल, 27 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की रेवाड़ी इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नारनौल फायर स्टेशन में तैनात फायरमैन संदीप यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी गई शिकायत में बताया था कि उसने अपने मेडिकल स्टोर एवं अस्पताल के लिए फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित करवाने और फायर एनओसी जारी कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस कार्य को पूरा करने के बदले फायर स्टेशन में तैनात फायरमैन संदीप यादव ने उससे 75 से 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी रेवाड़ी ने पूरे मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता आरोपी के पास पहुंचा, जहां संदीप यादव ने 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार कर ली। इसी दौरान पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो यह भी जांच कर रहा है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला