मेरा युवा भारत युवाओं की ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व को दिशा देने का मंच: अपूर्व देवगन
मंडी, 27 जुलाई (हि.स.)। मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक उपायुक्त कार्यालय, मंडी में आयोजित की गई। बैठक अध्यक्ष एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षण स
जिला सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त।


मंडी, 27 जुलाई (हि.स.)। मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की प्रथम बैठक उपायुक्त कार्यालय, मंडी में आयोजित की गई। बैठक अध्यक्ष एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित हितधारकों ने भाग लिया। बैठक में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा मेरा भारत के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं की ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी मंच है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को मेरा भारत से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से मेरा के कार्यक्रमों एवं अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। अधिक से अधिक युवाओं का मेरा भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर उन्हें स्वयंसेवी एवं सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, कार्यशालाएं और विभिन्न प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।

इसके साथ ही युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, उद्यमिता, डिजिटल साक्षरता तथा करियर मार्गदर्शन से संबंधित कार्यक्रम विभिन्न विभागों के सहयोग से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं फिटनेस, रक्तदान तथा अन्य सामाजिक अभियानों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक एवं विद्यालयों को मेरा भारत की गतिविधियों से नियमित रूप से जोड़ने का भी निर्णय लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा