चुटूपालू घाटी में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए बढ़ाई जाएगी साइन बोर्ड की संख्या
रामगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। जनपद मुख्यालय के समाहरणालय के सभागार में सोमवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता एवं एसपी मुकेश कुमार लुणायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक के दौरान समिति की पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के
बैठक में शामिल अधिकारी


रामगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। जनपद मुख्यालय के समाहरणालय के सभागार में सोमवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता एवं एसपी मुकेश कुमार लुणायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक के दौरान समिति की पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान जिले की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कई कड़े और सुधारात्मक निर्णय लिए गए। समीक्षा के क्रम में चुटूपालू घाटी में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। डीसी ने वर्तमान में घाटी में लगाई गई लाइटों के नियमित रूप से कार्य करने की स्थिति की जांच की। उन्होंने घाटी क्षेत्र में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगाए गए साइन बोर्ड की संख्या में वृद्धि करने और वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही घाटी में ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने,हाई मास्ट लाइट लगाने,सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर उन स्थानों को दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश दिया। बैठक के दौरान 'हिट एंड रन' दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। डीसी ने इस योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का को निर्देश दिया कि 'हिट एंड रन' के तहत आए सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत और मुआवजा मिल सके। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना को रोकने एवं अवैध परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जाँच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई कर चालान काटने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों में हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं' अभियान को सख्ती से जारी रखने की बात कही गई। बैठक में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों के सहित अन्य संबंधित विभागों के सदस्य उपस्थित थे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश