मंदिर में भगवान के चित्र को क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग
खूंटी, 27 जुलाई (हि.स.)। कर्रा प्रखंड की सदर पंचायत अंतर्गत लौंकेल गांव स्थित मंडा मंदिर परिसर में सोमवार को हिंदू समाज की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में देवी मंडप में हुई तोड़फोड़ की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक में वक्ता
Meeting


खूंटी, 27 जुलाई (हि.स.)।

कर्रा प्रखंड की सदर पंचायत अंतर्गत लौंकेल गांव स्थित मंडा मंदिर परिसर में सोमवार को हिंदू समाज की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में देवी मंडप में हुई तोड़फोड़ की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शुक्रवार की रात असामाजिक तत्वों ने देवी मंडप में प्रवेश कर टाइल्स और दीवार पर लगे भगवान के चित्र को क्षतिग्रस्त कर हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि कर्रा थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल आरोपितों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की मांग की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रविवार को मंडा मंदिर परिसर में हिंदू धर्मावलंबियों की एक वृहद बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मंदिर संचालन समिति का गठन किया जाएगा और मंदिर की सुरक्षा और धार्मिक गतिविधियों के संचालन को लेकर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

बैठक में गांव के कई हिंदू धर्मावलंबी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा