बंगला सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
देवघर, 27 जुलाई (हि.स.)। बंगला सावन की दूसरी सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में पहुंचे कांवरियों के कारण मंदिर परिसर और कतार मार्ग पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गए। भीड़ को नियंत्रित करने में ड्यूटी
बंगला सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब


देवघर, 27 जुलाई (हि.स.)। बंगला सावन की दूसरी सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में पहुंचे कांवरियों के कारण मंदिर परिसर और कतार मार्ग पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गए। भीड़ को नियंत्रित करने में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बंगला सावन की दूसरी सोमवारी होने के कारण पश्चिम बंगाल, असम, गुवाहाटी, तिनसुकिया सहित पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवरियों का आगमन हुआ। कांवरिया पथ पर भी बंगाल और अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही देखने को मिली।

जलार्पण के लिए लंबी कतारों में घंटों इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। कई श्रद्धालुओं ने कतार में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। वहीं कुछ श्रद्धालुओं ने कतार की धीमी गति और लंबे इंतजार को लेकर नाराजगी भी जताई। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने उन्हें शांत कर माहौल सामान्य बनाए रखा।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह साफ हो गया कि 29 जुलाई से शुरू होने वाले विधिवत श्रावणी मेले के दौरान जिला प्रशासन के लिए भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ करना चुनौती होगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बंगला सावन की दूसरी सोमवारी पर उमड़ी भीड़ अपेक्षा से कहीं अधिक रही। यदि कहीं व्यवस्थाओं में कोई कमी रह गई है, तो श्रावणी मेले के औपचारिक शुभारंभ से पहले उसे दूर करना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन-पूजन की सुविधा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy