Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 27 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ (29 जुलाई) से पहले जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूरे मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण की खास बात यह रही कि डीसी और एसपी बुलेट बाइक पर सवार होकर मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया, ताकि दूर-दराज़ के स्थानों तक आसानी से पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया जा सके।
अधिकारियों ने होल्डिंग प्वाइंट, अस्थायी पुलिस ओपी, ट्रैफिक ओपी, पार्किंग स्थल, श्रद्धालुओं के मार्ग, पेयजल व्यवस्था, शेड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को जलार्पण के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस दाैरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी, पैदल गश्त और अतिरिक्त राहत केंद्रों की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy