गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए केंद्रीय कानून की मांग, निकाली गई 'गौ सम्मान आह्वान यात्रा'
भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए एक सशक्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर सोमवार को भागलपुर में ''गौ सम्मान आह्वान यात्रा'' का आयोजन किया गया। इस शांतिपूर्ण पदयात्रा में बड़ी संख्या में गौभक्त, स
ज्ञापन देने जाता प्रतिनिधिमंडल


भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए एक सशक्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर सोमवार को भागलपुर में 'गौ सम्मान आह्वान यात्रा' का आयोजन किया गया। इस शांतिपूर्ण पदयात्रा में बड़ी संख्या में गौभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय श्री गौशाला से हुई। यहाँ सुबह से ही गौभक्तों और विभिन्न समितियों के सदस्यों का जुटना शुरू हो गया था। इसके बाद जय राम, जय राम, श्री राम, जय जय राम के गगनभेदी उद्घोष के साथ शांतिपूर्ण पदयात्रा जिला पदाधिकारी (डीएम) कार्यालय के लिए रवाना हुई।

जिला पदाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर अभियान से जुड़ी सभी समितियों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत सरकार को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस ज्ञापन के साथ देशव्यापी समर्थन के रूप में 5 लाख लोगों के हस्ताक्षर संलग्न किए गए हैं, जिसमें केंद्र सरकार से अविलंब गौहत्या विरोधी केंद्रीय कानून बनाने की मांग की गई है।

अभियान के संरक्षक और श्री गौशाला, भागलपुर के महामंत्री गिरधारी केजरीवाल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति बड़े पैमाने पर जन-जागरण करना है। इसके साथ ही देशभर की जनता की इस गंभीर भावना को केंद्र सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी उपस्थित लोगों का आभार जताया।

मौके पर किरण झा, रोशन सिंह और अभियान के जिला प्रभारी गौरव यादव ने भी आम जनता से गौ संरक्षण के लिए हमेशा जागरूक रहने और इस जनअभियान से लगातार जुड़े रहने की अपील की। इस पूरी यात्रा के दौरान भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर