Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अजमेर, 27 जुलाई(हि.स.)। मसूदा के पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव ब्रह्मदेव कुमावत का सोमवार को हृदयाघात से निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बांदनवाड़ा से अस्पताल ले जाया जा रहा था। नसीराबाद में प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उनके निधन से मसूदा, भिनाय, बांदनवाड़ा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ब्रह्मदेव कुमावत ने वर्ष 2008 में मसूदा विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। बाद में उन्होंने तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार को समर्थन दिया और वर्ष 2009 से 2013 तक संसदीय सचिव के रूप में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2013 में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव भी लड़ा। कांग्रेस संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे ब्रह्मदेव कुमावत ने युवक कांग्रेस से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। वे भिनाय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक, कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उनके बांदनवाड़ा स्थित निवास पर पहुंचने लगे। उनकी अंतिम यात्रा मंगलवार, 28 जुलाई को सुबह 9:30 बजे बांदनवाड़ा स्थित निवास से आगरनाड़ी मोक्षधाम के लिए रवाना होगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष