Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर गांव में गंगा नदी के रौद्र रूप ने भारी तबाही मचाना शुरू कर दिया है। बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बूलो मंडल के पैतृक आवास के ठीक सामने और जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय के समीप गंगा नदी ने भीषण कटाव शुरू कर दिया। अचानक शुरू हुए इस कटाव ने देखते ही देखते तटबंध के बड़े हिस्से को लील लिया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 200 मीटर के दायरे में भयानक कटाव हुआ है, जबकि जल संसाधन विभाग ने प्रारंभिक रूप से करीब 60 मीटर क्षेत्र में अंडर-माइनिंग के कारण कटाव होने की बात स्वीकार की है। इस घटना के बाद पूरे राघोपुर और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी व दहशत का माहौल है। कटाव की भयावह स्थिति और प्रशासनिक लापरवाही से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने राघोपुर स्थित जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस इलाके में कटाव निरोधी कार्यों में भारी अनियमितता बरती गई है और घटिया निर्माण के कारण आज तटबंध खतरे मेड़ी पड़ा है। पूर्व जिला परिषद सदस्य विजय मंडल और राघोपुर पंचायत के सरपंच प्रमोद मंडल ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग काफी समय से इस संवेदनशील तटबंध के जीर्णोद्धार और सुरक्षा की मांग कर रहे थे, लेकिन विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं ने यह कहकर टाल दिया कि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तटबंध टूटा, तो 15 से 20 हजार की आबादी बाढ़ के पानी में डूब जाएगी और व्यापक जन-धन की तबाही होगी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिकेत अमर, अनुमंडल कार्यपालक दंडाधिकारी सुधीर कुमार, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और कैंप शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि डी-नोज के पास अंडर-माइनिंग की वजह से यह कटाव हुआ है। प्रभावित क्षेत्र को नियंत्रित करने के लिए जियो-बैग बालू भरे बोरे डालने, पेड़-पौधों की कटाई करने और झाड़ियों से सुरक्षा चक्र बनाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर