सलमान खान को राहत, फिल्म 'काला हिरण' के टीजर पर रोक लगाने का आदेश
नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली उच्च न्यायालय ने फिल्म ''काला हिरण-द बैटल फॉर लीगेसी'' के टीजर पर रोक लगाने का आदेश दिया है। जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच ने फिल्म अभिनेता सलमान खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए ये आदेश दिया। सलमान खान ने अपने व
दिल्ली हाई कोर्ट (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली उच्च न्यायालय ने फिल्म 'काला हिरण-द बैटल फॉर लीगेसी' के टीजर पर रोक लगाने का आदेश दिया है। जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच ने फिल्म अभिनेता सलमान खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए ये आदेश दिया।

सलमान खान ने अपने व्यक्तित्व के अधिकारों की रक्षा की मांग की थी। सुनवाई के दौरान सलमान खान की ओर से पेश वकील रवि प्रकाश ने फिल्म और उसके ट्रेलर पर रोक की मांग करते हुए कहा था कि फिल्म के निर्माता याचिकाकर्ता के व्यक्तित्व का बिना किसी सहमति के वाणिज्यिक दुरुपयोग कर रहे हैं। तब कोर्ट ने कहा था कि आप कोई सीधा संबंध बताइए जिससे फिल्म और सलमान खान में कोई संबंध पता चले। तब वकील रवि प्रकाश ने सलमान खान के ब्रेसलेट पहनने का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि फिल्म के निर्माता ने सात इंटरव्यू में कहा है कि ये फिल्म सलमान खान पर आधारित है। तब कोर्ट ने कहा था कि कोई ब्रेसलेट पहनता है, कोई पगड़ी पहनता है तो कल आप ये कहेंगे कि ये व्यक्तित्व के अधिकारों का मामला है। आप फिल्म से सलमान खान का सीधा संबंध बताइए। तब रवि प्रकाश ने फिल्म निर्माता के इंटरव्यू और सोशल मीडिया के पोस्ट का जिक्र किया। तब कोर्ट ने उनकी दलीलों को रोकते हुए कहा था कि हम केवल याचिका में लिखी गई प्रार्थनाओं पर ही विचार करेंगे। उसके बाद कोर्ट ने फिल्म निर्माता से सलमान खान के वकील को वो वीडियो दिखाने को कहा जिस पर वो भरोसा करते हैं ताकि उस वीडियो की सत्यता का वेरिफिकेशन हो सके।

याचिका में सलमान खान ने कहा था कि ये फिल्म 1998 में उनसे जुड़े काला हिरण के शिकार से संबंधित है और इस फिल्म के प्रदर्शन से उनके व्यक्तित्व के अधिकारों का उल्लंघन होगा। फिल्म काला हिरण के निर्माता ने फिल्म में उनके हमशक्ल का इस्तेमाल किया है और वह जो ब्रेसलेट पहनते हैं वैसा ही ब्रेसलेट भी पहने हुए दिखाया गया है। फिल्म के निर्माता फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज के बाद काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले पर भी असर पड़ सकता है और इससे सलमान की छवि पर खराब असर पड़ सकता है।

याचिका में कहा गया था कि सलमान खान ने फिल्म के निर्माता को कानूनी नोटिस भेजा था, जिसमें फिल्म के प्रमोशन और रिलीज को रोकने की मांग की गई थी। कानूनी नोटिस में कहा गया था कि काला हिरण के शिकार का मामला अभी राजस्थान उच्च न्यायालय में लंबित है। ऐसे में अगर इस मामले में कोई भी सनसनी पैदा की जाएगी तो केस के ट्रायल पर असर पड़ सकता है।

काला हिरण फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी किया गया था। फिल्म में काला हिरण के शिकार से जुड़े मामले और उससे संबंधित कोर्ट की सुनवाई के दृश्यों को फिल्माया गया है। फिल्म में सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की शत्रुता को भी दर्शाया गया है। विवादों से बचने के लिए फिल्म निर्माता ने फिल्म में सलमान से प्रेरित किरदार को अयान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित किरदार को लॉयन बिश्नोई नाम दिया है। फिल्म का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया और इसे प्रोड्यूस अमित जानी ने किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजय

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह