Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर पार्टी ने जिला, ब्लॉक, नगर और वार्ड कांग्रेस कमेटियों की बैठकें आयोजित कर चुनावी रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया है। इन बैठकों में स्थानीय मुद्दों, चुनाव अभियान और प्रचार-प्रसार की रूपरेखा पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार तीन अगस्त 2026 तक सभी जिला प्रभारी और सहप्रभारी अपने-अपने प्रभार वाले जिलों, ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटियों की बैठकें लेंगे। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त विधानसभा समन्वयक अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के सभी वार्डों में बैठक कर आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए रणनीति तैयार करेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठकों में स्थानीय जनसमस्याओं, संगठन की मजबूती और प्रभावी प्रचार-प्रसार के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सभी प्रभारी और समन्वयकों को बैठकों के बाद विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय कर नगर निकाय चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित