Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


लखीमपुर खीरी, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर जिले में व्यापक सामाजिक समरसता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। 29 जुलाई से शुरू होकर अगले वर्ष 20 फरवरी तक अनवरत चलने वाले इन कार्यक्रमों के तहत मठ-मंदिरों में संतों का सम्मान, दीपोत्सव तथा वाराणसी से जालंधर तक 'कलश वंदन यात्रा' का आयोजन किया जाएगा।
साेमवार काे भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिला कार्यशाला में इन अभियानों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि भाजपा ही सनातन संस्कृति और संत-महात्माओं का सच्चा सम्मान करती है। 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' का अमर संदेश देने वाले संत रविदास महाराज के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत उनकी जन्मस्थली मीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश लेकर 'कलश वंदन यात्रा' निकलेगी, जो वाराणसी से जालंधर तक का सफर तय कर मार्ग में पड़ने वाले सभी क्षेत्रों में संत रविदास के विचारों का प्रचार-प्रसार करेगी।
कार्यक्रम के दौरान 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' के तहत जिला संयोजकों की घोषणा भी की गई। जिला संयोजक व महामंत्री राजेश सिंह ने बताया कि जिला उपाध्यक्ष विनोद लोधी को कलश वंदन अभियान, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सहनी को संत संपर्क अभियान, जिला उपाध्यक्ष राम जी मौर्य को समरसता यात्रा अभियान, जिला कार्य समिति सदस्य सुरेश चंद्र पुष्कर को युवा छात्रावास संपर्क अभियान और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राम पांडे को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। जिला मंत्री शरद मिश्र ने बताया कि 29 जुलाई को महर्षि वेदव्यास जयंती व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पार्टी पदाधिकारी मठ-मंदिरों में जाकर संत-महात्माओं का पटका पहनाकर सम्मान करेंगे और दीपोत्सव मनाएंगे।
कार्यशाला में पधारे बौद्ध भिक्षु भन्ते का पटका और माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि पार्टी ने संत रविदास महाराज के संदेशों को घर-घर पहुंचाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री मनोज वर्मा, अनुराग मिश्रा, गंगाराम कनौजिया, गोला नगरपालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला 'रिंकू', जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र मिश्रा, विभिन्न मोर्चा अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में मंडल प्रभारी, संयोजक व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव