Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

20 दिन में कोर्ट भवन का निर्माण पूरा करने, मुख्य
गेट ऊंचा करने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश
हिसार, 27 जुलाई (हि.स.)। नारनौंद में दो दिन
पहले हुई हल्की बारिश में ही न्यायिक परिसर सहित उपमंडल कार्यालय, सरकारी अस्पताल और
अन्य सरकारी परिसरों में जलभराव होने के मामले को जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक
ने गंभीरता से लिया। उन्होंने सोमवार को न्यायिक परिसर का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति
का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समस्या का स्थायी
समाधान करने के लिए समयबद्ध निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के
साथ एसडीजेएम पीूयूष गक्खड़ और जेएमआईसी खुशकरनजोत सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने नगर
पालिका सचिव प्रदीप कुमार और एमई राजकुमार से पूछा कि हल्की बारिश में ही न्यायिक परिसर
सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी भर जाना प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़ा करता
है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी नालों की तत्काल सफाई कराई जाए, जल निकासी
व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा रिचार्ज बोरवेल को दोबारा बोर कराकर पानी की निकासी
सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने न्यायिक परिसर में
पानी प्रवेश करने से रोकने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार को ऊंचा करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में जलभराव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और
इसका स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी)
के अधिकारियों को भी कड़े निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्माणाधीन कोर्ट भवन को 20 दिनों
के भीतर पूरा करने के आदेश दिए। इसके अलावा वादियों के लिए बनाए जा रहे प्रतीक्षालय
(वादीगण हॉल) का शेष विद्युत कार्य पूरा होते ही 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य समाप्त
करने को कहा। साथ ही वादीगण हॉल से कोर्ट तक ऊंचा फुटपाथ बनाने के निर्देश दिए, ताकि
बारिश के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला
एवं सत्र न्यायाधीश के समक्ष अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था उपलब्ध
कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि अभी भी कई वकीलों को बैठने के लिए स्थान
उपलब्ध नहीं है। इस पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने निर्माणाधीन हॉल का निरीक्षण किया
और उसमें बड़ा प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बार एसोसिएशन के प्रधान ज्ञान
प्रकाश लोहान, सुनील पनिहार, कृष्ण काजल, प्रदीप लोहान, जितेंद्र खरब, सुशील शर्मा,
संदीप लोहान, आकाश बुधवार, भाल सिंह सहित अन्य अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर