छत से उतरते समय गिरने से महिला की मौत, सिर में लगी थी गंभीर चोट
उरई, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन कोतवाली क्षेत्र के उदोतपुरा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छत से गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे,
पैर फिसलने से महिला की मौत


उरई, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन कोतवाली क्षेत्र के उदोतपुरा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छत से गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

उदोतपुरा गांव निवासी शिवानी पत्नी सुधीर विश्वकर्मा रविवार सुबह अपने घर की छत से नीचे उतर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खो बैठीं। छत से नीचे गिरने के कारण उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जालौन कोतवाली प्रभारी हरि शंकर चंद का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पैर फिसलने से हुए हादसे का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा