Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सूरत, 26 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण गुजरात में हुई भारी बारिश के कारण नवसारी और वलसाड सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। घरों में पानी घुसने से लोगों की गृहस्थी और कीमती सामान को बहुत नुकसान पहुंचा है। इस कठिन समय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने बड़े स्तर पर राहत अभियान शुरू किया है। गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने सूरत के उधना स्थित भाजपा कार्यालय से अनाज एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री से भरे वाहनों को नवसारी और वलसाड के लिए रवाना किया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रशांत कोराट ने रविवार को बताया कि बीती रात चार वाहन राहत सामग्री लेकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए भेजे गए थे, जबकि आज तीन और वाहन रवाना किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा दक्षिण गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने उमरगाम, पारडी, वापी, वलसाड और नवसारी जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
15 हजार राशन किट और 5 हजार कंबलों का वितरण
भाजपा ने सूरत महानगर से 15,000 राशन किट तैयार करने का लक्ष्य रखा है। प्रत्येक 15 किलोग्राम की किट में रसोई की सभी आवश्यक सामग्री शामिल है। इनमें से 3,500 राशन किट तैयार कर रवाना कर दी गई हैं, जिनमें 2,500 किट वलसाड और 1,100 किट नवसारी के लिए भेजी गई हैं।
इसके अलावा दोनों जिलों के लिए 5,000 कंबल, तिरपाल और कपड़े भी भेजे जा रहे हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को बारिश और ठंड से राहत मिल सके।
बाढ़ के कारण कई बच्चों की किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री खराब हो गई हैं। इसे देखते हुए भाजपा ने विद्यार्थियों के लिए विशेष स्टूडेंट किट तैयार की है, जिसमें नोटबुक, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री शामिल है। यह किट भी नवसारी और वलसाड भेजी जा रही है ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
राहत शिविरों में गर्म भोजन की व्यवस्था
जिन क्षेत्रों में लोगों का घरेलू सामान बह गया है या पूरी तरह खराब हो गया है, वहां भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सामुदायिक रसोई संचालित कर प्रभावित लोगों को दिन में दो समय गर्म भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। भाजपा ने कहा कि सेवा ही संगठन के संकल्प के साथ पार्टी के कार्यकर्ता दिन-रात राहत और सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।
इस दौरान प्रदेश प्रमुख जगदीश विश्वकर्मा के साथ प्रदेश महामंत्री प्रशांत कोराट , शहर महामंत्री करसन गोण्डालिया, दुर्गा प्रसाद पांडेय व विरल गिलितवाला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे