Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 21 जुलाई(हि.स.)। फारबिसगंज अररिया मुख्य मार्ग एनएच 27 में फारबिसगंज कॉलेज से आगे बराड़ ढाबा के पास हाई वोल्टेज बिजली के तार के चपेट में ट्रक आ गया, जिससे ट्रक चालक बुरी तरह घायल हो गया। जिसे बगल के दूसरे ट्रक के चालक ने थाना पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
अनुमंडलीय अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेन्टर रेफर कर दिया। घायल चालक उत्तरप्रदेश के लखनऊ का रहने वाला प्रदीप यादव है, जो नई दिल्ली से सैमसंग कंपनी का एलसीडी और फ्रिज लेकर आसाम गुवाहाटी जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक अपनी ट्रक सड़क के किनारे लेन में खड़ाकर ढाबा में खाना खाने के लिए गया हुआ था। उन्होंने सड़क के किनारे गाड़ी को पार्क कर दिया था। पार्क गाड़ी बगल से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली के तार से सटा हुआ था। खाना खाने के बाद वह ज्योंही गाड़ी चलाने के लिए सीट पर बैठा करंट की झटके से जख्मी हो गया। बगल से गुजर रहे दूसरे ट्रक ड्राइवर की नजर उस पर पड़ी। तब जाकर स्थानीय थाना पुलिस के साथ स्थानीय लोगों की मदद से उसे ट्रक से नीचे उतारकर फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक की स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।
करंट लगने से चालक का पीठ और सर जख्मी हो गया है। थाना पुलिस के द्वारा ट्रक के मालिक और कंपनी को सूचित किया गया है। मामले की पुष्टि फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने भी की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर