वीडियो बनाकर महिला ने लगाई फांसी, चार लोगों को ठहराया मौत का जिम्मेदार
इटावा, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना सिविल लाइन क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में शादीशुदा इवेंट प्लानर महिला ने सोमवार देर रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर अपनी मौत के लिए दो महिलाओ
Mahila ka file photo


इटावा, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना सिविल लाइन क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में शादीशुदा इवेंट प्लानर महिला ने सोमवार देर रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर अपनी मौत के लिए दो महिलाओं समेत चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान कोमल मिश्रा (26) पत्नी सौरभ द्विवेदी के रूप में हुई है। सौरभ मूल रूप से कानपुर नगर के थाना कल्याणपुर क्षेत्र के जगतपुरी का निवासी है। वर्तमान में इटावा जिले के बढ़पुरा ब्लॉक में लिपिक के पद पर तैनात है। दंपती सिविल लाइन क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में पिछले डेढ़ साल से किराए के मकान में रह रहे थे।

सोमवार देर रात कोमल ने घर के अंदर चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें दो महिलाओं और दो युवकों के नाम लेते हुए कहा कि वह इन्हीं लोगों की वजह से आत्महत्या कर रही है।

वीडियो में उसने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसका परिवार बर्बाद कर दिया है। साथ ही उसने यह भी कहा कि उसका पति बहुत अच्छा है और उसकी मौत के लिए उसे जिम्मेदार न माना जाए। पति सौरभ द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि जब वह घर पहुंचे तो कोमल फंदे पर लटकी हुई मिली। शोर मचाने पर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर उसे नीचे उतारा और तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वीडियो को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।

पति सौरभ के मुताबिक, उसकी पत्नी और उसके चार साथी जिसमें दो पुरुष दो महिलाएं है, जोकि इवेंट ऑर्गनाइजर का काम करते थे, वहीं लोग उसको शादी से पहले की बातों को लेकर परेशान कर रह रहे थे। मैने चारों के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दी है। मैं चाहता हूँ मेरी पत्नी के हत्यारों को कड़ी सजा मिलें।

थाना प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सरोज ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह