वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में चंदपा थाना क्षेत्र में वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार की देर रात मौत हो गई। परिजन पुलिस को बिना बताए अस्पताल से शव को लेकर घर पहुंचे। इसकी सूचना पर पहुंची थाना पुलिस जांच पड़ताल में
वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में चंदपा थाना क्षेत्र में वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार की देर रात मौत हो गई। परिजन पुलिस को बिना बताए अस्पताल से शव को लेकर घर पहुंचे। इसकी सूचना पर पहुंची थाना पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

चंदपा थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि गांव शहजादपुर में सोमवार देर रात खेती बाड़ी करने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग नंबर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले तक वह पूरी तरह सामान्य थे और परिवार के लोगों से बातचीत भी कर रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। घबराए परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद वृद्ध नंबर सिंह को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। हालांकि, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया से पहले ही परिजन शव को अपने साथ घर ले गए।

परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक अविवाहित थे। फिलहाल उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण का पता जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना