कानपुर देहात में सूखी नहर में दिखा 5 फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने यमुना नदी में छोड़ा
कानपुर देहात, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात के सिकंदरा तहसील क्षेत्र के अमराहट गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने सूखी नहर में करीब पांच फीट लंबे मगरमच्छ को देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भ
नहर में मिला मगरमच्छ


कानपुर देहात, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात के सिकंदरा तहसील क्षेत्र के अमराहट गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने सूखी नहर में करीब पांच फीट लंबे मगरमच्छ को देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू किया। वन रेंजर सर्वेश ने बताया कि रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास यमुना नदी में छोड़ दिया गया।

मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे कुछ ग्रामीण नहर की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ दिखने की खबर पूरे गांव में फैल गई। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने बच्चों और पशुओं को नहर के पास जाने से रोक दिया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। मगरमच्छ को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने दूर से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए, जो देखते ही देखते वायरल हो गए। वन विभाग ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की अपील की।

ग्रामीणों का मानना है कि हाल के दिनों में हुई बारिश और यमुना नदी के बढ़े जलस्तर के कारण मगरमच्छ नहर के रास्ते गांव तक पहुंच गया होगा। हालांकि वन विभाग ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। वन रेंजर सर्वेश ने बताया कि रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास यमुना नदी में छोड़ दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि भविष्य में यदि कहीं मगरमच्छ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसके पास जाने या पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी