Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ उमराव में मंगलवार सुबह एक युवक को शौचालय जाते समय सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गांव गढ़ उमराव निवासी योगेश कुमार (50) पुत्र सत्येंद्र सिंह मंगलवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए अपने घर के शौचालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक सांप ने उनके पैर में डस लिया। सर्प के डसने के बाद योगेश की हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन तुरंत योगेश को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। योगेश ने बताया कि सर्पदंश के कारण उन्हें आंखों से धुंधला दिखाई दे रहा था। इस स्थिति को देखते हुए और उनकी गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल ले गए। परिजनों ने बताया कि सुबह के समय शौचालय जाते वक्त अचानक सांप ने पैर में डस लिया। ग्रामीणों ने जानकारी दी है कि क्षेत्र में इन दिनों सांप निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और रात व सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना