देवरिया मेडिकल कॉलेज के 300 कर्मचारियों का प्रदर्शन , 4 महीने से वेतन न मिलने पर ढाई घंटे तक किया कार्य बहिष्कार
देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को लगभग तीन साै आउटसोर्सिंग पर कार्यरत स्टाफ नर्सों और सफाई कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक कार्य बहिष्कार कर हड
फोटो


देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को लगभग तीन साै आउटसोर्सिंग पर कार्यरत स्टाफ नर्सों और सफाई कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक कार्य बहिष्कार कर हड़ताल की। करीब ढाई घंटे तक चले इस प्रदर्शन से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। ओपीडी, वार्ड और इमरजेंसी में मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

हड़ताल के दौरान वार्डों में नर्सिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। कई मरीजों को समय पर दवाएं और अन्य जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं नहीं मिल सकीं। सफाई कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण अस्पताल परिसर और वार्डों की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित रही। ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि इमरजेंसी सेवाएं भी स्टाफ की कमी के कारण आंशिक रूप से बाधित रहीं।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई बार आउटसोर्सिंग एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से भुगतान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन के बाद सभी कर्मचारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को सौंपा। कर्मचारियों ने बकाया वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन और संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि कर्मचारियों का लंबित वेतन दो दिन के भीतर भुगतान कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वेतन भुगतान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी जल्द भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया।

-----------------

-

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक