Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सहपाऊ थाना क्षेत्र में मालगाड़ी की चपेट में आकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सहपऊ क्षेत्र में मंगलवार सुबह जलेसर रोड रेलवे स्टेशन के समीप डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेलवे लाइन पर एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना को लेकर जलेसर रोड पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा खंभा संख्या सात के पास हुआ। मृतक की उम्र लगभग 48 वर्ष प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि वह किसी मालगाड़ी की चपेट में आ गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उपनिरीक्षक ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि परिजनों के सामने आने पर उसकी पहचान कर शव उन्हें सौंपा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना