छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में होगा स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह
छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस 2026 का होगा मुख्य समारोह
छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस 2026 का होगा मुख्य समारोह


छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस 2026 का होगा मुख्य समारोह


सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर मुख्य समारोह का आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में परामर्शदात्री समिति के पदाधिकारियों एवं सम्मानित सदस्यों के साथ एक बैठक हुई, जिसमें आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम पूर्व की भांति स्थानीय राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित होगा। इस बार समारोह में अतिथियों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने के लिए ई-आमंत्रण पत्र उनके व्हाट्सएप पर भेजे जाएंगे। इसके साथ ही राजेंद्र स्टेडियम से मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण वेबकास्टिंग और सोशल मीडिया के जरिए किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी को सौंपी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि सभी सरकारी कार्यालयों में नियमानुसार झंडोत्तोलन संपन्न होगा। इसके पश्चात महादलित टोलों एवं गांवों में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रमों में पदाधिकारी भाग लेंगे। राजेंद्र स्टेडियम में प्रस्तुत किए जाने वाले विभागों के उपलब्धि प्रतिवेदन और भाषण की तैयारी का जिम्मा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा को दिया गया है।

वहीं नगर आयुक्त को पूरे शहरी क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं सजावट सुनिश्चित करने का निर्देश मिला है। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी और परामर्शदात्री समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार