Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बस्ती, 21 जुलाई (हि.स.)। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह तथा आईजी संजीव त्यागी ने कांवड़ यात्रा की तैयारी संबंधी अधिकारियों के साथ बैठक की। बस में अधिकारियों के साथ आयुक्त कार्यालय से शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, भूअर निरंजन, डारीडीहा होते हुए बाबा भदेश्वर नाथ मंदिर तथा अयोध्या बॉर्डर तक बस में बैठकर अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
अपने संबोधन में मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा में कार्यों को पूरा करें, यह एक धार्मिक यात्रा है, उसमें आने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना मुक्त यात्रा पूरी करने का संकल्प लें तथा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग सहित यात्रा पूरी कराएं। आईजी संजीव त्यागी ने कहा कि प्रशासन द्वारा कांवड़ियों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा पूर्व वर्षो की भांति सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कांवड़िया संघ से अपील की कि वे अपना तथा पांडाल में आवश्यक व्यवस्था करने वाले आयोजकों का नाम पता एवं मोबाइल नंबर संबंधित उप जिलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को उपलब्ध करा दें।
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी