Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काठमांडू, 21 जुलाई (हि.स.)। हांगकांग में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के पूर्व सभापति शेरबहादुर देउवा ने एक पत्र लिखते हुए स्वदेश लौटने की इच्छा व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने अपनी संभावित गिरफ्तारी के प्रति आशंका भी व्यक्त की है।
पूर्व प्रधानमंत्री देउवा ने देशवासियों के नाम मंगलवार को एक संदेश जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश को प्रतिशोध की राजनीति नहीं बल्कि आपसी सहयोग और सहकार्य की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, देश को प्रतिशोध नहीं, सहकार्य चाहिए। इसलिए इतिहास से मिले अनुभव, परिवर्तन की ऊर्जा तथा तकनीक और ज्ञान से संपन्न नई पीढ़ी की रचनात्मक क्षमता के बीच मन की एकता, राष्ट्रीय संवाद और साझा सहयोग की आवश्यकता आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गई है।
देउवा ने अपने संदेश में आगे कहा कि अब प्रतिशोध और निषेध की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण तथा साझा भविष्य को सभी का साझा संकल्प बनाना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि वह इसी विश्वास और संकल्प के साथ एक बार फिर नेपाली भूमि पर कदम रखने जा रहे हैं।
हालांकि देउवा ने नेपाल लौटने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई। नेपाल में देउवा दंपत्ति के खिलाफ में विशेष अदालत से गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ है। नेपाल सरकार ने देउवा दंपत्ति को हांगकांग से नेपाल लाने के लिए इंटरपोल से दो बार रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए पत्राचार किया था लेकिन पर्याप्त सबूत के अभाव में इंटरपोल ने नोटिस जारी करने से इनकार कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास