Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 21 जुलाई (हि.स.)। कामरूप (मेट्रो) जिले के आयुक्त के सभाकक्ष में आज अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमांग नविश की अध्यक्षता में सावन मेला (बोल बम) को सुचारू रूप से मनाने के संबंध में एक बैठक आयोजित हुई। उप पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) मंटु ठाकुरिया, संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक संजीव कुमार सैकिया, पूर्व, पश्चिम और मध्य गुवाहाटी के उप-आयुक्त, दिसपुर राजस्व चक्र अधिकारी, कामरूप (मेट्रो) जिले के सहायक आयुक्त, गुवाहाटी (मेट्रो) विकास, गुवाहाटी नगर निगम, आबकारी पर्यवेक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, बशिष्ठ मंदिर और शुक्लेश्वर देवालय प्रबंधन समिति के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सावन मेला सुचारू रूप से आयोजित करने के बारे में अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमांग नविश ने सूचित किया। इसके अलावा, मंदिर में स्वयंसेवकों की नियुक्ति, एपीडीसीएल को मंदिर के आसपास की जगहों पर स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था, शौचालय की सही व्यवस्था करने के साथ-साथ भक्तों के आगमन का ध्यान रखते हुए पामही भीमशंकर मंदिर में जरूरी इंतजाम करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा भीमशंकर और बशिष्ठ मंदिर में जंगली हाथियों से भक्तों को कोई नुकसान न होने के लिए वन विभाग को व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि आने वाला 29 जुलाई से शुरू होने वाला बोल बम 27 अगस्त को समाप्त होगा। इसके अनुसार 29 जुलाई, 02 अगस्त, 09 अगस्त, 16 अगस्त, 23 अगस्त और 27 अगस्त को हिंदू समुदाय अपने पवित्र बोल बम का आयोजन करेंगे। कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन सभी से सहयोग की उम्मीद कर रहा है ताकि पवित्र सावन मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके। बैठक में मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं के बारे में भी जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय