Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 21 जुलाई (हि.स.)। पलामू जिले में सड़क हादसों में मौत का आंकड़ा काफी डरावना साबित हो रहा है। तमाम प्रयासों के बावजूद हादसों में कमी आने के बजाए और बढ़ोतरी हो रही है। जनवरी 2026 से जून महीने के आंकड़े काफी चिंताजनक है। 193 सड़क दुर्घटनाएं हुई। इन हादसों में 143 लोगों की मौत हो गयी और 126 लोग घायल हो गए।
यह आंकड़े मंगलवार को पलामू समाहरणालय में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निकलकर सामने आए। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बैठक की अध्यक्षता की। उपायुक्त ने हादसों पर चिंता जतायी और दुर्घटना संभावित स्थलों के लिए अलग कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया। प्रवर्तन अभियान और तेज करने पर जोर दिया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट, प्रवर्तन कार्रवाई एवं सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों की मैप आधारित समीक्षा करते हुए ऐसे क्षेत्रों के लिए अलग कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। सड़क अभियांत्रिकी सुधार, संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था और प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जून में 1,214 चालान कर 24.75 लाख का जुर्माना वसूला गया। इनमें 392 बिना हेलमेट, 108 बिना ड्राइविंग लाइसेंस, 73 बिना बीमा, 71 बिना फिटनेस, 38 बिना परमिट, 196 अन्य सड़क सुरक्षा उल्लंघन, 28 खतरनाक ड्राइविंग, 19 ड्रंक एंड ड्राइव तथा 4 ओवरस्पीडिंग के मामले शामिल हैं।
बैठक में गुड सेमेरिटन योजना के तहत सूर्य देव चौधरी और मयंक कुमार को चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार, डीआईओ रणवीर कुमार सहित सड़क सुरक्षा समिति के विभिन्न सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार