Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-दो खिलाडिय़ों ने भागकर बचाई जान, प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
गुरुग्राम, 21 जुलाई (हि.स.)। यहां सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी के बास्केटबॉल कोर्ट में लोहे का पोल गिरने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी रीढ़ की हड्डी में तीन जगह फ्रेक्चर हुआ है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में सोसायटी प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को सोसायटी के बच्चे रोज की तरह कोर्ट में प्रैक्टिस मैच खेल रहे थे। खेल के दौरान ही जर्जर लोहे का पोल अचानक नीचे आ गिरा। पोल सोसायटी निवासी एक डॉक्टर के बेटे कार्तिक के ऊपर गिरा, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सुरक्षाकर्मियों और अन्य खिलाडिय़ों ने मिलकर पोल के नीचे दबे बच्चे को निकाला और तुरंत आरवी अस्पताल पहुंचाया। हादसे के वक्त दो अन्य खिलाडिय़ों ने कूदकर अपनी जान बचाई। डॉक्टरों के अनुसार कार्तिक की पीठ पर गंभीर चोट आई है। उसकी रीढ़ की हड्डी में तीन अलग-अलग स्थानों पर फ्रैक्चर हुए हैं। बच्चे का आपातकालीन वार्ड में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक है, लेकिन स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद सोसायटी में गुस्सा है। निवासियों का आरोप है कि यह पोल लंबे समय से जंग लगा और जर्जर हालत में था। इसे जमीन में कंक्रीट से ठीक से भी नहीं लगाया गया था। एक तरफ झुका हुआ था।
रेजिडेंट्स का कहना है कि उन्होंने कई बार सोसायटी प्रबंधन और मेंटेनेंस एजेंसी से पोल ठीक कराने की शिकायत की थी, लेकिन बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने इसे सामान्य दुर्घटना न मानकर प्रबंधन की आपराधिक लापरवाही बताया है। पीडि़त परिवार और सोसायटी के लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर दोषी प्रबंधन और मेंटेनेंस टीम के खिलाफ एफआईआर और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर