Enter your Email Address to subscribe to our newsletters




सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले में हो रही बारिश के चलते उत्पन्न जलजमाव से निपटने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त रंजीत कुमार के निर्देश पर छपरा नगर निगम क्षेत्र में युद्धस्तर पर जलनिकासी अभियान चलाया जा रहा है। बारिश के कारण नालों, कलवर्टों और पुलियों में जलप्रवाह बाधित हो गया था, जिसे सुचारु बनाने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में डटी हुई हैं।
प्रभावित इलाकों से पानी की निकासी तेज़ी से करने के लिए बड़े-बड़े हाई-कैपेसिटी डी-वाटरिंग पंपों का सहारा लिया जा रहा है। निगम के अधिकारी और कर्मचारी जलजमाव वाले क्षेत्रों की निरंतर निगरानी करते हुए कचरा हटाने व नालों की सफाई में लगे हैं, ताकि जनजीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।
नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि जलनिकासी मार्गों या नालों में कचरा न फेंकें। साथ ही किसी भी जलजमाव की स्थिति में तत्काल निगम को सूचित करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार