Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



धमतरी, 21 जुलाई (हि.स.)। रथयात्रा के बाद मौसी के घर जनकपुरी धाम (गोशाला भवन) में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 16 जुलाई से जनकपुरी में विश्राम कर रहे महाप्रभु सुबह से शाम तक अपने भक्तों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं।धमतरी शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों और आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु दर्शन लाभ लेने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा 22 फीट ऊंचे भव्य रथ पर विराजमान होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जगदीश मंदिर से जनकपुरी धाम पहुंचे थे। ढोल-नगाड़ों, बाजे-गाजे और जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष के बीच निकली रथयात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। मार्ग में जगह-जगह भगवान की पूजा-अर्चना, महाआरती और पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। जनकपुरी धाम पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की गई और तभी से यहां प्रतिदिन दर्शन का सिलसिला जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट एवं गौशाला ट्रस्ट द्वारा सुबह और शाम नियमित रूप से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। ट्रस्ट के पदाधिकारी और स्वयंसेवक दर्शन व्यवस्था, प्रसाद वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन कर रहे हैं। श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट के सहसचिव मोहन अग्रवाल ने बताया कि मौसी के घर प्रवास के बाद 27 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य वापसी यात्रा निकाली जाएगी, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा