Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास हुए रूसी हमले में देवरिया के एक नाविक की मौत हो गई। सोमवार शाम शिपिंग कंपनी के एजेंट ने फोन पर परिजनों को इसकी सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव निवासी 26 वर्षीय अभिषेक निषाद, पुत्र कौशल निषाद, 10 जून को मुंबई के एक एजेंट के माध्यम से 'गोल्डेन लिओ' नामक मालवाहक जहाज पर नाविक के रूप में नौकरी करने गए थे। परिजनों के अनुसार, रविवार को जहाज यूक्रेन से सामान लेकर सीरिया जा रहा था। इसी दौरान ओडेसा बंदरगाह के निकट रूसी हमले में जहाज निशाना बन गया। हमले के बाद जहाज पर सवार कई लोग लापता हो गए, जिनमें अभिषेक भी शामिल थे।
सोमवार शाम शिपिंग कंपनी के एजेंट ने अभिषेक के पिता को फोन कर उनकी मौत की पुष्टि की।
सूचना मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने परिजनों से संपर्क कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। परिवार भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अभिषेक का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा है।
परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मांग की है कि अभिषेक का शव जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके। अभिषेक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने भी सरकार से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक