Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बक्सर, 21 जुलाई (हि.स.)।
बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर में साइबर मंगलवार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से भाग लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत सूचनाएं साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra