Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पानीपत, 21 जुलाई (हि.स.)। पानीपत पुलिस टीम ने गांव नांगल खेड़ी में घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नांगलखेड़ी निवासी विकास के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम को सीआईए टू की टीम गश्त के दौरान गांव नांगलखेड़ी में थी। तभी टीम को सूचना मिली की गांव निवासी विकास ने अपने घर में बेचने के लिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा हुआ है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। गांव के नंबरदार विजेंद्र द्वारा अवाज लगाने पर एक युवक घर से बाहर आया।
पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान विकास पुत्र राजेंद्र निवासी नांगल खेड़ी के रूप में बताई। उप पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई। एक कमरे में प्लास्टि के चार कट्टे मिले। कट्टों को खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा भरा हुआ मिला। बरामद गांजे का वजन करने पर 107 किलो 4 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह जल्दी अमीर बनने की लालसा में उक्त गांजा आंध्रप्रदेश से कम कीमत पर खरीदकर लाया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा पकड़ने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा