Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेतिया, 21 जुलाई (हि.स.)। बेतिया के एक निजी क्लीनिक में कार्यरत नर्स का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सीखना मठ निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है, जो परिजनों के अनुसार पिछले करीब छह वर्षों से डॉ. संतोष कुमार सिंह और डॉ. रूबी के क्लीनिक में कार्यरत थी।
परिजनों ने बताया कि ममता का मोबाइल फोन पिछले दिन से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं होने पर उसकी बहन क्लीनिक पहुंची और डॉक्टर व वहां मौजूद स्टाफ से ममता के बारे में पूछताछ की।
आरोप है कि किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद जब वह क्लीनिक की तीसरी मंजिल पर पहुंची तो एक कमरे में बेड के नीचे कोने में ममता का शव मिला। परिजनों का आरोप है कि शव को कई गद्दों से ढंककर रखा गया था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।
शव मिलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहले डायल-112 की पुलिस पहुंची। बाद में नगर थाना पुलिस और फिर डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। मंगलवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ममता की गला दबाकर हत्या की गई है और शव को छिपा दिया गया था, ताकि रात के समय उसे ठिकाने लगाया जा सके। उनका कहना है कि शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका मजबूत होती है।
डॉ. संतोष कुमार सिंह ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ममता उनके क्लीनिक में स्टाफ के रूप में कार्य करती थी और परिवार के सदस्य जैसी थी। उनके अनुसार जब वह क्लीनिक में नहीं दिखी तो उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बाद में परिजनों के साथ खोजबीन के दौरान तीसरी मंजिल पर उसका शव मिला। उन्होंने कहा कि मौत कैसे हुई, यह जांच का विषय है और पुलिस की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक