Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र में लूट के प्रयास के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक के परिजनों ने शासकीय विक्टोरिया अस्पताल पर समय पर उपचार नहीं देने और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्य हॉस्पिटल रोड क्षेत्र में तीन बदमाशों ने 20 वर्षीय युवक को लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए शासकीय विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बावजूद घायल युवक का तत्काल उपचार शुरू नहीं किया गया। उनका कहना है कि काफी देर इंतजार कराने के बाद अस्पताल कर्मियों ने केवल प्राथमिक उपचार के रूप में पट्टी बांधी और डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए अन्य अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दे दी। घायल युवक के पिता आलोक सोनी ने उपचार में हुई देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल द्वारा घायल युवक की मुलाहजा रिपोर्ट तैयार नहीं की गई। उनका कहना है कि पुलिस कार्रवाई और आगे के उपचार के लिए यह रिपोर्ट महत्वपूर्ण होती है। बाद में जब घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया तो मुलाहजा रिपोर्ट नहीं होने के कारण वहां भी उपचार शुरू होने में देरी हुई। परिजनों के अनुसार पूरी प्रक्रिया के चलते युवक का इलाज देर रात करीब दो बजे शुरू हो सका जो सोमवार सुबह तक हो पाया पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल आरोपितों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक