Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक प्रकरण, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर युवाओं ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा और उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश