Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 20 जुलाई (हि. स.)। कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पवन टॉकीज रेलवे फाटक के पास रविवार रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा 22 वर्षीय युवक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक का एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बरमपुर निवासी रोशन पटेल (22वर्ष ) रविवार रात मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही मालगाड़ी वहां पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोको पायलट ने काफी दूर से लगातार हॉर्न बजाया और युवक को ट्रैक से हटने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन मोबाइल में व्यस्त होने के कारण वह चेतावनी नहीं सुन सका। देखते ही देखते मालगाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रोशन पटेल का एक पैर कटकर अलग हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को ट्रैक से हटाकर प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह मोबाइल पर बातचीत करते हुए लापरवाही से रेलवे ट्रैक पार करना सामने आया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें। रेलवे लाइन पार करते समय हमेशा दोनों ओर देखकर, पूरी सतर्कता बरतते हुए और निर्धारित रेलवे फाटक या फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि एक छोटी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। मोबाइल में व्यस्त रहने के कारण होने वाले ऐसे हादसों से बचने के लिए लोगों को जागरूक और सावधान रहने की आवश्यकता है।
यह हादसा एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि रेलवे ट्रैक पर जरा-सी असावधानी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। रेलवे और पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी परिस्थिति में चलते समय मोबाइल फोन में व्यस्त न रहने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी