शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक की पीटकर हत्या
कानपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में ईंट-पत्थरों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बीच-बचाव कर
मृतका की फ़ाइल फोटो


कानपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में ईंट-पत्थरों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के छोटे भाई और उसके साथी को भी आरोपितों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

भोपालपुरवा गांव निवासी विशाल निषाद (28) खेती-किसानी के साथ अमरूद के बाग की देखरेख करता था। साेमवार काे गांव के कुछ युवक उसे अपने साथ धनऊपुरवा गांव लेकर जाकर शराब पार्टी की। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया।

जब दोनों पक्ष वापस लौट रहे थे और जगेश्वर पुलिस बूथ के पास गांव जाने वाली सड़क पर पहुंचे, तभी दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने विशाल पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सूचना मिलने पर उसका छोटा भाई पुनीत और साथी राहुल बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

सूचना पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हैलट अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव फैल गया। इसके बाद डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव, एडीसीपी डॉ. अर्चना सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान एक-दूसरे पर छींटाकशी को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई, जबकि पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप