मौसम विभाग का मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए बारिश का अलर्ट
Weather Department Issues Rain Alert for Mumbai, Thane, and Raigad
मौसम विभाग का मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए बारिश का अलर्ट


मुंबई, 20 जुलाई (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का डिप्रेशन बनने के बाद महाराष्ट्र में बारिश फिर जोर पकड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए मंगलवार को बारिश का ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है। रायगढ़ में बुधवार को ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है। इसके बाद इन जिलों के लिए बुधवार, गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पालघर जिले के लिए मंगलवार और बुधवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट दिया गया है। इस बीच कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर लो प्रेशर एरिया बना है। इसने आगे के कई इलाकों को कवर कर लिया है। इसका असर महाराष्ट्र के जालना, परभणी, छत्रपति संभाजीनगर, जलगांव, हिंगोली और कोंकण के जिलों तक बन गया है। इससे राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। विदर्भ, मराठवाड़ा, पश्तिम महाराष्ट्र, कोंकण सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। पुणे और सातारा सहित राज्य के घाट इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में सोमवार को हल्की व मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। मंगलवार को भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। संभावना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश का असर इसी तरह जारी रहेगा। इससे बांध क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने से लोगों के पेयजल में काफी राहत मिल सकती है। खरीफ फसल को लेकर परेशान किसानों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार