Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सबसे अधिक परेशानी सदर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को उठानी पड़ रही है। बारिश के कारण सदर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने जलजमाव हो गया है, जिससे लोगों को घुटनों तक पानी से होकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ रहा है। सदर अस्पताल जिले का सबसे बड़ा सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मुख्य गेट पर पानी जमा होने से मरीजों की आवाजाही बाधित हो गई है। विशेष रूप से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने पानी के बीच से होकर अस्पताल में प्रवेश किया, जिससे संक्रमण और फिसलने का भी खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के मौसम में सदर अस्पताल के सामने जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है। लोगों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था के अभाव में थोड़ी सी बारिश भी सड़क को तालाब में तब्दील कर देती है। रविवार से शुरू हुई बारिश सोमवार तक जारी रहने के कारण अस्पताल परिसर के बाहर जलभराव और बढ़ गया। मरीजों और उनके परिजनों ने नगर परिषद एवं जिला प्रशासन से शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ-साथ स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवा जैसे अति महत्वपूर्ण संस्थान के मुख्य द्वार पर हर साल जलजमाव होना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब लोगों की निगाहें नगर परिषद और जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि इस पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह