Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 20 जुलाई (हि. स.)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के भैंसामुड़ा गांव में बीती रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपित पति को गिरफ्तार कर साेमवार काे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना आज तड़के करीब 3 बजे की है। भैंसामुड़ा गांव निवासी परदेशी धनुहार ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी अघन बाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद किया। बताया जा रहा है कि आरोपित शराब के नशे में था और विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आरोपित पति ने अघन बाई के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के सदस्य और आसपास के लोग जाग गए, लेकिन आरोपित के आक्रामक रवैये के कारण कोई भी महिला को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ देर बाद महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
उरगा थाना के सब इंस्पेक्टर अमर जायसवाल ने बताया कि आरोपित परदेशी धनुहार को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए घरेलू विवाद के बाद आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी