नहर में नहाते समय युवक डूबा, मौत
मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित जरगो जलाशय की मुख्य नहर में सोमवार दोपहर दोस्तों के साथ स्नान कर रहे एक युवक की तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नहर का पानी बंद कराकर शव बा
मृतक अजमेरी अली की फाइल फोटो


मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित जरगो जलाशय की मुख्य नहर में सोमवार दोपहर दोस्तों के साथ स्नान कर रहे एक युवक की तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नहर का पानी बंद कराकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, चुनार थाना क्षेत्र के रूपौधा गांव निवासी तजमेरी अली (१८)पुत्र इदरीश अपने साथियों के साथ जरगो जलाशय घूमने आया था। दोपहर करीब 12 बजे सभी युवक नहर के निकास द्वार के पास स्नान कर रहे थे। इसी दौरान तेज जलधारा की चपेट में आने से तजमेरी गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद उसके साथ आए साथी घबराकर मौके से भाग गए।

घटना की सूचना मिलने पर अहरौरा पुलिस मौके पर पहुंची और सिंचाई विभाग की मदद से नहर का पानी बंद कराया। इसके बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ जरगो जलाशय घूमने आया था और नहर में स्नान करते समय बहाव में डूब गया। मृतक के भाई अजमेरी की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा