Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाराणसी, 20 जुलाई (हि. स.)। नीट के मसले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश में सोमवार को वाराणसी के लंका चौराहे पर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे छात्र संगठनों के पदाधिकारियों को विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रावासों से निकलकर लंका चौराहे की तरफ बढ़ रहे बड़ी संख्या में छात्रों को बैरिकेडिंग लगाकर लंका थाना के पुलिसकर्मियों ने रोका।
इसी तरह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से भी छात्रों को मुख्य द्वार के पास ही रोक दिया गया। वहीं, प्रदर्शन करने की तैयारी से लंका पहुंच चुके कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया।
लंका से पहले रोके गए समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी अभिषेक यादव ने प्रदर्शन के संबंध में कहा कि परीक्षा में अनियमितता एवं पेपर लीक मामलों की सर्वोच्च स्तर पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए इस्तीफा सौंपे। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार कराया जाए। भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी एवं सख्त कानून तथा तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद