Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रेडीमेड गारमेंट्स, प्लास्टिक आइटम सहित कई उत्पादों की लगेंगी यूनिट्स
गोरखपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। औद्योगिक विकास के नक्शे पर चमक रहे गीडा क्षेत्र में उद्योगों की श्रृंखला और बढ़ने जा रही है। गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) प्रबंधन ने 24 नई औद्योगिक इकाइयों के लिए औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया है। छोटे से लेकर बड़े आकार के इन औद्योगिक भूखंडों में रेडीमेड गारमेंट्स, प्लास्टिक आइटम सहित कई उत्पादों की यूनिट लगेंगी। इन नई इकाइयों की स्थापना से क्षेत्र में निवेश का माहौल मजबूत होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गीडा प्रबंधन ने विगत दिनों 510 वर्गमीटर से लेकर 4800 वर्गमीटर तक के कुल 24 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन कर नई इंडस्ट्रियल यूनिट्स की स्थापना का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। सेक्टर 26 में 510 वर्गमीटर के दो, सेक्टर 13 में 1950 वर्गमीटर के तीन, सेक्टर 13 में ही 2100 वर्गमीटर के सात, इसी सेक्टर में 3250 वर्गमीटर का एक, सेक्टर 15 में 2279 वर्गमीटर का एक, सेक्टर 27 में 3771 वर्गमीटर का एक, 4234 वर्गमीटर का एक और 4448 वर्गमीटर का एक औद्योगिक भूखंड आवंटित किया गया है। इसके साथ ही सेक्टर 28 (सामान्य) में 2964 वर्गमीटर का एक व 4800 वर्गमीटर का एक औद्योगिक भूखंड जबकि सेक्टर 28 प्लास्टिक पार्क में 2116 वर्गमीटर का एक, 2153 वर्गमीटर का एक और 3242 वर्गमीटर का एक औद्योगिक भूखंड का आवंटन किया गया है।
गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक का कहना है कि बेहतरीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, शासन की निवेशपरक नीतियों और उद्यमियों को मिल रही सहूलियतों से गीडा लगातार उद्यमियों का पसंदीदा स्थल बना हुआ है। उद्यमियों की मांग के अनुरूप 24 नई यूनिट्स के लिए औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इसमें छोटे, मध्यम और बड़े, हर प्रकार की यूनिट्स की स्थापना के लिए भूखंड विकसित और आवंटित किए गए हैं। इन इकाइयों के शुरू होने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
गीडा में 24 नई औद्योगिक इकाइयों के धरातल पर उतरने से न केवल गोरखपुर और आसपास के जिलों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि गारमेंटिंग और प्लास्टिक उद्योग में कुशल व अकुशल दोनों प्रकार के श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार प्राप्त हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय