Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के प्राविधिक शिक्षामंत्री आशीष पटेल सोमवार को अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन गांव पहुंचे। यहां 16 जुलाई को ट्रक घर में घुसने से हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
मृतक राजाराम की पत्नी गीता देवी, घायल सुनील की पत्नी जुली देवी तथा परिवार की पूजा देवी, सोनी देवी और जयकुमार ने मंत्री को बताया कि हादसे के कई दिन बाद भी उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिली है। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। वहीं घायल सुनील शर्मा और सुहानी का वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है, जिससे रोजाना इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है।
इस पर कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सुविधाएं और आर्थिक सहायता पात्र परिवार को दिलाई जाएगी तथा मामले में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अरुणेश सिंह, चंदन पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
दस्तावेजों के अभाव में अटकी आर्थिक मदद
मृतक परिवार के सदस्य राधेश्याम ने बताया कि अब तक परिवार को कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि गांव में ग्राम विकास अधिकारी का पद रिक्त होने के कारण मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की ऑनलाइन नकल समय पर नहीं बन सकी है। इसी वजह से सरकारी सहायता की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा