Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के परपा थाना क्षेत्र अंर्तगत बीती रात करीब 11:30 बजे महिंद्रा शोरूम के आगे दो वाहनों की चपेट में आने से माेटरसाइकिल सवार मेकाॅज में पदस्थ वार्ड बॉय प्रवीण बाघमारे की माैके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल स्टाॅफ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परापा पुलिस इस दुर्घटना में शामिल दाेनाें वाहनों की तलाश कर रही है। आज सोमवार को मेकाॅज के हॉल में दिवंगत वार्ड बॉय प्रवीण बाघमारे काे दो मिनट का मौन रखकर मेकाॅज के डाॅक्टर एवं कर्मचारियाें ने श्रद्धांजलि दी।
मेकाॅज से मिली जानकारी के अनुसार प्रवीण बाघमारे मेकाॅज के एक्सरे विभाग में कार्यरत थे। वह अपनी दुपहिया वाहन पर सवार होकर जा रहे थे। महिंद्रा शोरूम के पास सामने से आ रही एक चारपहिया वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। जैसे ही प्रवीण जमीन पर गिरे, पीछे से आ रहे एक बोलेरो वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें मेकाॅज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मेकाॅज अधीक्षक डॉक्टर अनुरूप साहू अस्पताल पहुंचकर देर रात तक परिवार के साथ रहे। उन्होंने डॉक्टरों को प्रवीण के शव का जल्द पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने का निर्देश दिया।
विदित हाे कि जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। बीते कुछ माह में कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है। एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवती को ठोकर मारी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। वार्ड आया राखी साव भी इसी तरह हादसे का शिकार होकर जान गंवा चुकी हैं। मेकाॅज के दो फाइनल ईयर के छात्रों को भी ट्रक ने ठोकर मारी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे