Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 20 जुलाई (हि.स.)।संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में आज सोमवार सामाजिक सहायता पेंशन के आधार आधारित सत्यापन, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, प्रधानमंत्री आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सेवा सेतु से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग के लंबित प्रकरण, अविवादित नामांतरण और खाता विभाजन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान करने के भी निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन आवास और स्पेशल प्रोजेक्ट के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने पर जोर दिया गया। पहाड़ी कोरवा समुदाय के लिए स्वीकृत आवासों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट से टीबी स्क्रीनिंग, नियमित टीकाकरण, यू-विन पोर्टल, आरबीएसके के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समन्वय बनाकर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।
सामाजिक सहायता पेंशन के हितग्राहियों के आधार आधारित सत्यापन और एनएसएपी पोर्टल पर अपलोड की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों का सत्यापन प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी हितग्राही की पेंशन सत्यापन के अभाव में प्रभावित न हो।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, नान और एफसीआई में चावल जमा करने की स्थिति, खाद-बीज की उपलब्धता, एग्रीस्टैक पंजीयन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र शिविर, विद्यालयों में पोषण वाटिका, शौचालय निर्माण, पोषण पुनर्वास केंद्र, हैंडपंपों की स्थिति तथा जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय